शराब के नशे में पत्नी और मां पर बरपाया कहर, धारदार हथियार दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

शराब के नशे में पत्नी और मां पर बरपाया कहर, धारदार हथियार दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान शराब के नशे में पत्नी और मां के साथ मारपीट कर धारदार हथियार से धमकाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कांट्रेक्टर कॉलोनी निवासी फेंकन बाई (50 वर्ष) ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई कि 16 जून की रात करीब 9 बजे उनका पुत्र विजय कुमार वर्मा शराब पीकर घर पहुंचा और अपने नाती के साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने अपनी पत्नी सरिता वर्मा के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

जब फेंकन बाई ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। इतना ही नहीं, उसने लोहे का धारदार हथियार दिखाकर परिवार के सदस्यों को डराया और जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के आधार पर सुपेला पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। प्रार्थिया और गवाहों के बयान में घटना की पुष्टि होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार हथियार जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी विजय कुमार वर्मा (35 वर्ष), निवासी कांट्रेक्टर कॉलोनी, सुपेला के खिलाफ विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।