रिसाली में करंट से ठेका श्रमिक की मौत, बिना सुरक्षा उपकरण के कराया जा रहा था काम


भिलाई। रिसाली इलाके में बिजली लाइन सुधार के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। करंट की चपेट में आने से 22 वर्षीय ठेका श्रमिक रोशन कुमार देवांगन की मौके पर ही मौत हो गई। वह रिसाली नगर निगम में अनस्किल्ड लाइनमैन के तौर पर कार्यरत था।

मिली जानकारी के मुताबिक गणेश नगर क्षेत्र में बिजली लाइन सुधार का काम चल रहा था। इसी दौरान रोशन कुमार देवांगन चालू लाइन पर काम कर रहा था। अचानक करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और संभलने का मौका तक नहीं मिला।

मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में गंभीर लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि मृतक को न तो औपचारिक प्रशिक्षण दिया गया था और न ही पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। बिना सुरक्षा किट के चालू बिजली लाइन पर काम कराया जा रहा था।
घटना के बाद रिसाली नगर निगम की महापौर शशि सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आपातकालीन बैठक बुलाई है। बैठक में ठेकेदार की भूमिका, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही पर चर्चा होगी।
महापौर ने साफ कहा है कि श्रमिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। लापरवाही साबित होने पर ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
