भिलाई में ट्रांसफार्मर में लगी आग, यातायात पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

भिलाई में ट्रांसफार्मर में लगी आग, यातायात पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

भिलाई। आकाशगंगा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर में अचानक लगी आग पर यातायात पुलिस की तत्परता से समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। 

घटना 2 अप्रैल की रात करीब 10 बजे की है, जब सुपेला क्षेत्र के आकाशगंगा स्थित आदर्श पेट्रोल पंप के पास ट्रांसफार्मर में आग लग गई। हाइवे-02 पर ड्यूटी में तैनात यातायात पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन किया।

जवानों ने पास के पेट्रोल पंप से अग्निशमन यंत्र लाकर तेजी से आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की और कुछ ही देर में आग पर नियंत्रण पा लिया। इस दौरान थाना सुपेला की पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर पहुंची और संयुक्त प्रयास से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में लाई गई। समय रहते की गई कार्रवाई से किसी भी प्रकार की जन-धन हानि नहीं हुई। उक्त कार्यवाही में यातायात पुलिस के जवान राकेश सिंह एवं टाकेश देशमुख की त्वरित प्रतिक्रिया एवं सूझबूझ सराहनीय रही। साथ ही थाना सुपेला पेट्रोलिंग टीम द्वारा प्रभावी सहयोग प्रदान किया गया।