दुर्ग में विकास की सौगात: संतराबाड़ी में डोमशेड लोकार्पण, पद्मनाभपुर में भूमिपूजन

दुर्ग में विकास की सौगात: संतराबाड़ी में डोमशेड लोकार्पण, पद्मनाभपुर में भूमिपूजन

दुर्ग। शहर को हनुमान जयंती के अवसर पर विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। वार्ड क्रमांक 25 संतराबाड़ी में नवनिर्मित डोमशेड का लोकार्पण किया गया, जबकि वार्ड क्रमांक 46 पद्मनाभपुर में नए डोमशेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में शहर विधायक एवं केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। उन्होंने गायत्री मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। मंत्री यादव ने कहा कि यह डोमशेड धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए एक बेहतर और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

पद्मनाभपुर में भूमिपूजन के दौरान भी उन्होंने कहा कि यह लंबे समय से क्षेत्र की मांग थी, जिसके पूरा होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना है। सड़क, पानी, बिजली और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ शहर के समग्र विकास पर लगातार काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल के लिए आभार जताया।