छत्तीसगढ़ में Extremely Severe Alert, 17 जिलों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा

छत्तीसगढ़ के 17 जिलों में IMD ने Extremely Severe Alert जारी किया है। अगले तीन घंटे में भारी बारिश, तेज आंधी, 80 किमी प्रति घंटे की हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

छत्तीसगढ़ में Extremely Severe Alert, 17 जिलों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक खतरनाक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से प्रदेश के कई जिलों के लिए "Extremely Severe Alert" जारी किया गया है। सोमवार को लोगों के मोबाइल फोन पर भी एक साथ आपातकालीन मौसम चेतावनी का अलर्ट प्राप्त हुआ। विभाग ने अगले तीन घंटे के दौरान कई इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बलौदाबाजार, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद, मुंगेली, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा सहित 17 जिलों में तेज बारिश और मेघगर्जन की संभावना है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश की भी आशंका है।

वहीं धमतरी, बालोद और कोरिया जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है। बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर में भी बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों के भीतर सुरक्षित रहें। खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों और टीन शेड से दूर रहें। आकाशीय बिजली के दौरान मोबाइल का उपयोग खुले स्थान पर न करें और मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग से संपर्क करें।