भीषण विमान हादसा: टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश, 60+ की मौत, कई लापता

भीषण विमान हादसा: टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश, 60+ की मौत, कई लापता

दक्षिण अमेरिकी देश Colombia में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया, जिसने पूरे देश को हिला कर रख दिया। टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद सैन्य विमान क्रैश हो गया, जिसमें 60 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

यह हादसा Puerto Leguízamo शहर के पास हुआ, जहां से विमान ने उड़ान भरी थी। जानकारी के मुताबिक, हरक्यूलिस C-130 विमान में कुल 121 से 125 लोग सवार थे। इनमें करीब 110 सैनिक और 11 क्रू मेंबर शामिल थे।

कोलंबिया की सेना ने अब तक 66 जवानों की मौत की पुष्टि की है। इससे पहले स्थानीय प्रशासन ने 34 जवानों के मारे जाने की बात कही थी, लेकिन जैसे-जैसे राहत और बचाव कार्य आगे बढ़ा, मृतकों का आंकड़ा बढ़ता गया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, 20 से ज्यादा जवान अभी भी लापता हैं। राहत की बात यह है कि हादसे के बाद बचाव दल ने कम से कम 77 लोगों को घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाला है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह विमान सैनिकों को पुटुमायो के एक अन्य इलाके में ले जा रहा था। रक्षा मंत्री Pedro Sánchez ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

हादसे की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें क्रैश साइट से काले धुएं का गुबार उठता दिख रहा है। साथ ही सेना के वाहन तेजी से मौके की ओर जाते नजर आए, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

फिलहाल, बचाव और राहत कार्य जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है। हादसे की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।