दुर्ग-भिलाई में घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पकड़ा गया, खाद्य विभाग ने 9 सिलेंडर किए जब्त

दुर्ग-भिलाई में घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पकड़ा गया, खाद्य विभाग ने 9 सिलेंडर किए जब्त

दुर्ग। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने 12 मार्च को दुर्ग और भिलाई के कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की।

जांच के दौरान दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में अग्रसेन चौक स्थित दोसा किंग से 3 घरेलू गैस सिलेंडर और पोलसाय पारा के मुकेश फास्ट फूड सेंटर से 2 सिलेंडर जब्त किए गए।

इसी तरह भिलाई नगर निगम क्षेत्र में दुर्गा मिष्ठान भंडार से 1 और सुपेला के एक भोजनालय से 3 घरेलू गैस सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग में पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

खाद्य विभाग के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए होते हैं। इन्हें होटल, ढाबा या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल करना नियमों का उल्लंघन है।

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए आगे भी लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।