6 मकान एक साथ ढहने से दो मासूम सहित तीन लोगों की मौत

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में 6 मकान ढहने से दो मासूम तीन लोगों की मौत हो गई है। SDRF, NDRF, नगर निगम और सिविल डिफेंस की टीम ने करीब 10 घंटे तक रेस्क्यू चलाने के बाद 10 बजे सर्च ऑपरेशन रोक दिया और सोमवार सुबह फिर रेस्क्यू शुरू किया। 

जानकारी के अनुसार मथुरा के गोविंद नगर इलाके में रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक साथ 6 मकान अचानक से भरभराकर गिर गए। 4 लोगों को मलबे से निकाला गया। इनमें से 3 की मौत हो गई। मृतकों की पहचान तोताराम (38 साल), दो सगी बहनें यशोदा (6 साल) और काव्या (3 साल) के तौर पर हुई है। बता दें कि माया टीले पर एक सैकड़ा के करीब मकान बने हुए हैं। माया टीला के साथ ही आस-पास अंबरीश टीला, चिड़ीमार टीला भी हैं। ये सभी टीले एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। माया टीला की नींव से मिट्टी की खुदाई कर दीवार बनाने का काम किया जा रहा था। रविवार को भी सुबह से ही मिट्टी की खुदाई कराई जा रही थी। हाइड्रा की मदद से मिट्टी काटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर भेजी जा रही थी। तभी दोपहर 12 बजे के करीब टीले के मिट्टी ढहना शुरू हुई और ऊपर बने छह मकान भरभराकर ढह गए। इससे मकान में रहने वाले लोगों के साथ ही नीचे काम कर रहे मजदूर भी दब गए। मिट्टी भरकर ले जा रहा ट्रैक्टर भी मलबे में दब गया।