रेत माफियाओं के बीच विवाद में चली गोली, एक युवक घायल

रेत माफियाओं के बीच विवाद में चली गोली, एक युवक घायल

बिलासपुर। बुधवार की सुबह रेत माफियाओं के दो गुटों में विवाद के बाद गोली चलने से एक युवक घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, घायल युवक ने गलती से फायर होने और खुद के घायल होने की जानकारी दी है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। घटना कोटा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार लमेर गांव में दो गुटों के अवैध वसूली को लेकर बुधवार सुबह विवाद हो गया। बताया जाता है कि गोंविद यादव और हेमंत यादव यहां अलग-अलग गुट बनाकर रेत ले जाने वाले ट्रैक्टर चालकों से पैसे की वसूली करते हैं। इसी विवाद के दौरान एक गुट ने पिस्टल से हमला कर दिया और गिरजा शंकर यादव (31 साल) पिता मनीराज यादव के पैर में गोली मार दी। 

दरअसल, कोटा और कोनी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन हो रहा है। जिसमें गुंडागर्दी और लाठी के दम पर रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टर चालकों से अवैध उगाही का खेल भी चल रहा है। बताया जा रहा है कि ग्राम लमेर में भी अरपा नदी पर अवैध उत्खनन हो रहा था। यहां दो गुट अवैध वसूली करता है, जिसे लेकर उनके बीच आपस में टकराव चल रहा है।