छत्तीसगढ़ में पकड़ी गई लुटेरी दुल्हन, छठी शादी से पहले मां-बेटी चढ़ी पुलिस के हत्थे
न्यायालय के आदेश पर अपराध दर्ज

रायपुर। पुलिस ने मुजगहन इलाके में एक लुटेरी दुल्हन और उसकी मां को गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों पर खुद को अविवाहित बताकर शादी कर ठगी को अंजाम देने का आरोप है। वे एक सामाजिक ग्रुप में शादी के लिए बायोडाटा भेजती थीं और फिर अपने जाल में फंसाकर शादी करती थीं। शादी के बाद दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर पैसे ऐंठने का काम करती थीं। इस पूरे षड्यंत्र में पूजा की मां गायत्री देवांगन भी बराबर की भागीदार थी।
जानकारी के अनुसार आरोपी महिला पूजा उर्फ गीतांजली देवांगन ने पहले ही 5 शादियां की थीं और खुद को अविवाहित बताकर छठी शादी की तैयारी कर रही थी। लेकिन उसके पिछले पति ने जांच-पड़ताल की, जिससे मां-बेटी की धोखाधड़ी का खुलासा हो गया। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर मुजगहन थाना में पूजा और उसकी मां गायत्री देवांगन के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी) और धारा 409 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि पूजा देवांगन ने 2015 से 2023 के बीच उमेश देवांगन, पुरुषोत्तम देवांगन और लोकनाथ देवांगन सहित अन्य लोगों से शादी की थी। शादी के बाद वह विवाद खड़ा कर गहने, नकदी और शादी के सभी दस्तावेज लेकर घर से फरार हो जाती थी। बातचीत करने पर वह दहेज प्रताड़ना का झूठा आरोप लगाने की धमकी देती थी। आरोपी मां-बेटी मूल रूप से आरंग की रहने वाली हैं।