छत्तीसगढ़ कांग्रेस की राजनीतिक समिति में फेरबदल

छत्तीसगढ़ कांग्रेस की राजनीतिक समिति में फेरबदल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसके लिए कांग्रेस ने संगठन का नया व्याकरण बनाना शुरू कर दिया है। मंगलवार शाम राजनीतिक मामलों की समिति की घोषणा हो गई। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम को बाहर किया गया है। उनकी जगह पर संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत और राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन को शामिल किया गया है। वहीं कांग्रेस ने चुनावी घोषणापत्र समिति से वरिष्ठ मंत्री टीएस सिंहदेव को बाहर रखने का प्रस्ताव दिया है।

प्रदेश कांग्रेस वर्किंग कमेटी की पिछली बैठक में चुनावी समितियों के गठन पर चर्चा हुई थी। कांग्रेस ने राजनीतिक मामलों की समिति, घोषणापत्र समिति, चुनाव अभियान समिति, समन्वय समिति, प्रचार और प्रकाशन समिति, अनुशासन समिति और चुनाव समिति आदि के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू की है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की सहमति के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को राजनीतिक मामलों की समिति का आदेश जारी कर दिया। इसमें प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, विधायक सत्यनारायण शर्मा, धनेंद्र साहू, संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत और CMDC के अध्यक्ष गिरीश देवांगन को रखा गया है।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस सेवा दल के मुख्य संगठक, यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और NSUI के प्रदेश अध्यक्ष को विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर समिति का हिस्सा बनाया गया है। एआईसीसी के दोनों प्रभारी सचिव यानी चंदन यादव, सप्तगिरी शंकर उलका और छत्तीसगढ़ से एआईसीसी के दोनों सचिव यानी विकास उपाध्याय व राजेश तिवारी भी पदेन इस समिति का हिस्सा होंगे।