भिलाई में मृत मिले कई सूअर, मंडरा रहा स्वाइन फ्लू का खतरा

मौत का कारण जानने आयुक्त को सौंपा गया ज्ञापन

भिलाई में मृत मिले कई सूअर, मंडरा रहा स्वाइन फ्लू का खतरा

लोगों को जानकारी होते ही सफाई कर्मियों द्वारा कर दिया गया गायब
भिलाई। भिलाई नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न जगहों पर सूअर मृत पाए गए। इसकी खबर जैसे ही आम जनता को लगी तो नगर निगम के सफाई कर्मियों द्वारा मृत सूअरों को अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। नागरिकों को स्वाइन फ्लू का अंदेशा है तो वहीं नगर निगम के अधिकारी मौन है। कुछ लोगों ने नगर निगम भिलाई के आयुक्त को ज्ञापन सौंप सूअरों की मौत कैसे हुई इसकी जानकारी मांगी गई है। आखिर किस बीमारी के कारण उनकी मौत हुई है और मौत के बाद उनके शरीर हरे और नीले क्यों पड़ गए यह जांच का विषय है।
 ज्ञात हो कि विगत कुछ दिनों से लगातार जवाहर नगर देशी शराब भट्टी के पास, वैशाली नगर कॉलेज के पीछे स्थित आईएचएसडीपी आवासों के पास मृत सूअरों के पाए जाने का सिलसिला जारी है। वहीं गौरव पथ बैकुंठधाम ट्रेचिंग ग्राउंड में भी कई सूअर मृत पाए गए। 
 भिलाई में सूअरों की मौत से कैंप क्षेत्र के स्थानीय लोग सकते में आ गए हैं। सूअरों से स्वाइन फ्लू जैसी माहामारी बीमारी फैलने की अंदेशा हमेशा लगा रहता है। सामाजिक कार्यकर्ता सुमन शील के नेतृत्व में कल्याण सेवा जनजागृति संगठन का एक प्रतिनिधि मंडल भिलाई नगर निगम आयुक्त एवं जोन-3 के आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर मृत सूअरो के मरने के कारण की उचित जांच किए जाने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि 26 फरवरी रविवार को सुबह 8 बजे नगर निगम भिलाई के जोन 3 वार्ड 33 संतोषी पारा बैकुंठधाम धाम के सामने ट्रेचिंग ग्राउंड में निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा मृत सूअरों के शव फेंके जा रहे थे। जैसे ही लोगों की नजर पड़ी तो सूअरों के शव का पोस्टमार्टम कराए बैगर उन्हें पुन: वहां से कर्मचारियों द्वारा कहीं ले जाया गया। ट्रेचिंग ग्राउंड में फेंके गए  लगभग 200 किलो वजनी के दो से अधिक मृत सूअरों के शव कुछ ही घंटे के बाद हरे नीले रंग में देखा गया। 
सूअरों के शव के संबंध में उपस्थित सफाई कर्मचारियों से जानकारी लेने पर मौत के कारण को बताने से यह कहते हुए मना कर दिया गया कि  हमें उच्च अधिकारी द्वारा इस पर किसी भी तरह का जानकारी देने से मना किया गया है। प्रतिनिधि दल में मुख्य रूप से दलजीत सिंह, मोहन रेड्डी,  गोविंद मांझी, प्रभाकर, संजय सिंह आदि शामिल थे। 

वेटनरी विभाग को बोला गया है जांच के लिए
इस संबंध में नगर निगम भिलाई के स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेन्द्र मिश्रा से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें सूअरों के मृत पाए जानकारी है। वेटनरी विभाग को सूचना दे दी गई है। वेटनरी डॉक्टरों द्वारा की गई जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही सूअरों के मौत का कारण ज्ञात होगा।