आनंदमेला, सावन महोत्सव मिनट्स उत्पादकों के सम्मान समारोह में महिलाओं ने दिखाई अपनी बहुमुखी प्रतिभा

दुर्ग जिला महिला मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम

आनंदमेला, सावन महोत्सव मिनट्स उत्पादकों के सम्मान समारोह में महिलाओं ने दिखाई अपनी बहुमुखी प्रतिभा

दुर्ग। भाजपा महिला मोर्चा दुर्ग जिला संगठन द्वारा जवाहर नगर दुर्ग स्थित कुशाभाऊ ठाकरे भवन में आनंद मेला, सावन महोत्सव एवं मिलेट्स उत्पादको का सम्मान समारोह का आयोजन जिला अध्यक्ष श्रीमति दिव्या कलिहारी के नेतृत्व में किया गया। 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल अपनी पत्नी रजनी बघेल के साथ पहुंचे, कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने की एवं अति विशिष्ट अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशीला साहू, विशिष्ट अतिथि ललित चंद्राकर, सुरेंद्र कौशिक, दिलीप साहू, आशीष निमजे, माया बेलचंदन, हीमा साहू, चतुर्भुज राठी, राजा महोबिया, दिलीप गुप्ता, रजनीश श्रीवास्तव, समस्त मण्डल अध्यक्ष एवं जिला के वरिष्ठ पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

महोत्सव के प्रारंभ में छत्तीसगढ़ी संस्कृति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई, जिसमें 12 से 16 एवं 16 से 25 वर्ष की उम्र वाली बालिकाओं ने अलग-अलग समूह में पंथी नृत्य प्रदर्शित किया, पंथी नृत्य में बालिकाओं एवं किशोरियों द्वारा गजब की फुर्ती और स्फूर्ति के साथ नृत्य प्रस्तुत किया। जिला महिला मोर्चा पदाधिकारियों द्वारा राउत नाचा की प्रस्तुति के साथ जमकर तालियां बटोरी। अलग-अलग मंडलों से आई महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने सुआ नृत्य एवं करमा नृत्य की प्रस्तुति से पूरे माहौल को छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग को बिखेरा। जवारा विसर्जन की झांकी के साथ जस गीत के द्वारा भक्ति को प्रदर्शित किया गया। साथ ही साथ भारतीय संस्कृति को दर्शाते हुये विभिन्न प्रकार के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम हुये।

 आयोजन के मध्यांतर में अनेकों प्रकार के खेलों के माध्यम से महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया जिसमें बिल्लस, खो खो, फुगड़ी और सावन झूला झूलकर सावन उत्सव मनाया गया। फूलों से सजे आकर्षक झूलों पर झूला झूल कर महिलाओं ने मंगल गीत गाए। 

इस महोत्सव में महिलाओं  ने स्व सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए छत्तीसगढ़ी परिधान, बड़ी, बिजौरी, ठेठरी, खुरमी, अरसा, पूजन सामग्री और श्रृंगार प्रसाधन, देसी तरीके से तैयार किए गए कीटनाशक पदार्थ सहित अन्य सामानों के अनेकों स्टॉल लगाई जहां से सांसद विजय बघेल एवं उनकी पत्नी श्रीमती रजनी बघेल सहित अन्य सभी अतिथियों ने अपनी मनपसंद खरीदारी भी की। आयोजन स्थल पर लगें खानपान के स्टालों में चीला, फरा, साबूदाना खिचड़ी, मिलेट्स की खिचड़ी एवं हलवा, मंगोड़ी के स्टालों पर जाकर सांसद विजय बघेल एवं जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने पकवानों का स्वाद चखा।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में दुर्ग जिले में मोटा अनाज उत्पादन करने वाले किसानों का सम्मान किया गया, आयोजन से प्रभावित होकर 50 से अधिक महिलाओं ने महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष दिव्या कलिहारी के मार्गदर्शन में दुर्ग सांसद विजय बघेल और जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के समक्ष भाजपा प्रवेश किया। महोत्सव के अंत में सावन क्वीन प्रतियोगिता हुई जिसमें महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर उत्साह पूर्वक भाग लिया जिसमें ममता साहू सावन क्वीन विजेता बनी। रनर अप के रूप में मंजू पाण्डेय एवं कंचन यादव रही। प्रातः 11:00 बजे से प्रारंभ हुआ महोत्सव शाम 6:00 बजे तक चला जिसमें दिनभर महिलाओं का तांता लगा रहा। 

मंची कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल ने कहा कि आनंद मेला, सावन महोत्सव एवं मिलेट्स उत्पादको का सम्मान समारोह का यह अनोखा कार्यक्रम महिला मोर्चा की बहनों ने अपने स्वयं के अथक परिश्रम और योजना से संपन्न किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें लोकसभा का चुनाव जिताने में बड़ा योगदान महिलाओं का है क्योंकि 50 प्रतिशत मतदाता महिलाएं हैं। 

जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि महिलाओं द्वारा पूरे कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग प्रकार की प्रतिभाओं के प्रदर्शन से यह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि महिलाएं समाज में अपनी भूमिका सशक्त होकर निभा रही है और हर क्षेत्र में अपने आप को सिद्ध करने में अग्रणी है।

इस कार्यक्रम में मंच संचालन निशा साहू द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पटरीपार  मण्डल अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, शंकर लोधी दमाहे, एवं अरुण सिंह का विशेष रूप से सहयोग रहा। महोत्सव में जिला पदाधिकारीगण अल्का बाघमार, अमिता बंजारे, जयश्री राजपूत, गायत्री वर्मा, बानी सोनी, नीतू श्रीवास्तव, रूपेश्वरी साहू, रेखा यादव, बिंदु भुवाल, मंजू पाण्डेय, केशर गौर, श्वेता ताम्रकार,चन्द्रिका साहू,अनुसूईया साहू, संतोषी साहू, शालिनी दिल्लीवार, हर्षा चंद्राकर, सीमा बाजपेई, योगिता शर्मा, मण्डल अध्यक्ष मौसमी ताम्रकार , शीतल जांगिड़, रोशनी साहू, झरना वर्मा, निशा सोनी, गायत्री साहू, सरिता साहू, यामिनी हरमुख, शैलेन्द्री मंडावी एवं महिला मोर्चा की मंडल स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थिति रही।