पेरिस ओलंपिक : शूटिंग में इस महिला खिलाड़ी ने भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास, 12 साल के सूखे को भी खत्म किया

पेरिस ओलंपिक : शूटिंग में इस महिला खिलाड़ी ने भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास, 12 साल के सूखे को भी खत्म किया

दिल्ली। रविवार को पेरिस ओलंपिक में मनु भाकर ने कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचते हुए 12 साल के सूखे को खत्म किया। हरियाणा की 22 साल की इस निशानेबाज ने चेटरौक्स शूटिंग सेंटर में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में तीसरा स्थान हासिल करने के बाद इन खेलों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनीं।

वहीं महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण और रजत पदक दक्षिण कोरिया की दो खिलाड़ियों ने जीता। ओह ये जिन 243.2 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक और किम येजी ने 241.3 के स्कोर के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

2012 लंदन ओलंपिक में गगन नारंग और विजय कुमार ने शूटिंग में पदक जीता था। यह शूटिंग में भारत का पांचवां पदक है। मनु से पहले चारों एथलीट्स पुरुष थे। वह राज्यवर्धन सिंह राठौड़, अभिनव बिंद्रा, गगन नारंग और विजय कुमार के क्लब में शामिल हो गईं।