सेवानिवृत प्राचार्यों का किया गया सम्मान

सेवानिवृत प्राचार्यों का किया गया सम्मान

भिलाई। छत्तीसगढ़ प्राचार्य वेलफेयर एसोसिएशन दुर्ग इकाई के तत्वावधान में सुपेला के एक होटल में सेवानिवृत प्राचार्यों के लिए सेवा निष्ठा सम्मान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वर्ष 2023 में सेवानिवृत हुए कुल 21 प्राचार्यों को शॉल, श्रीफल तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा साथ ही वर्ष 2023 की हाई स्कूल तथा हायर सेकंडरी परीक्षाओं में शत प्रतिशत परिणाम देने वाले 28 विद्यालयों एवं प्रवीण सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के 02 विद्यालयों के प्राचार्यों को भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आर. एल. ठाकुर, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण दुर्ग संभाग तथा विशेष अतिथि अभय कुमार जायसवाल जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग थे। अपने उद्बोधन में श्री जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पर चर्चा तथा इंस्पायर अवार्ड की जिला स्तरीय प्रतियोगिता पर प्रकाश डाला। श्री ठाकुर ने प्राचार्यों को सभी शासकीय योजनाओं की जानकारी रखने तथा साथ ही वर्तमान समय में अपने आप को आवश्यकतानुसार अपडेट रहने को भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में श्रीमती माधुरी मिश्रा द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम में सेवानिवृत प्राचार्यों द्वारा शासकीय जीवन के अपने-अपने संस्मरणों को भी साझा किया गया।
इस संपूर्ण कार्यक्रम में मंच संचालन प्राचार्य जेपी पांडे ने किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्राचार्य सोमेन कुंडू, सचिव प्राचार्य जगजीत धीर के अलावा प्राचार्य श्रीमती वंदना सोमवंशी, श्रीमती नीलिमा गजपाल,  केके आडिल, राजेश चटर्जी एवं अरविंद भारद्वाज आदि ने भी अपना योगदान दिया।