न्यू खुर्सीपार में बटनदार चाकू लेकर राहगीरों को धमका रहा युवक गिरफ्तार

गिंदौड़ी देवी अस्पताल के पीछे मचा रहा था उत्पात, खुर्सीपार पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत की कार्रवाई

न्यू खुर्सीपार में बटनदार चाकू लेकर राहगीरों को धमका रहा युवक गिरफ्तार

भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के न्यू खुर्सीपार में धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने के आरोप में पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बटनदार चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि गिंदौड़ी देवी अस्पताल के पीछे न्यू खुर्सीपार में एक युवक धारदार हथियार लेकर उत्पात मचा रहा है और आने-जाने वाले राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान मनीष बिहारी उर्फ कीलर (22), निवासी जोन-2, केएलसी, मकान नंबर 109-सी, खुर्सीपार, जिला दुर्ग के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 467/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 में प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमाण्ड मिलने पर जेल भेज दिया गया।