सुपेला में हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
कोसानगर और फरीद नगर में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो धारदार हथियार बरामद

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक लोहे का धारदार हथियार बरामद किया है। दोनों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 25, 27 के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 2 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कोसानगर स्थित कुर्मी भवन के सामने एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान ईरजाद कुरैशी (33), निवासी कृष्णा नगर, सुपेला के रूप में हुई। उसके कब्जे से लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया।
इसी दौरान पुलिस को डेरा बस्ती, फरीद नगर के पास एक अन्य व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने की सूचना मिली। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने हथियार झाड़ी में फेंक दिया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। आरोपी की पहचान बजरंग गायकवाड (22), निवासी न्यू कृष्णा नगर, सुपेला के रूप में हुई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। ईरजाद कुरैशी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1288/2026 तथा बजरंग गायकवाड के खिलाफ अपराध क्रमांक 1289/2026 दर्ज कर आयुध अधिनियम की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की गई।
