दुर्ग पुलिस का वारंटियों पर बड़ा एक्शन, दो दिन में 247 न्यायालयीन वारंट तामील

दुर्ग पुलिस का वारंटियों पर बड़ा एक्शन, दो दिन में 247 न्यायालयीन वारंट तामील

दुर्ग। लंबित न्यायालयीन वारंटों की तामिली को लेकर दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। ACCU सहित जिले के विभिन्न थानों की टीमों ने दो दिनों तक वारंटियों की तलाश में दबिश देकर कुल 247 न्यायालयीन वारंट तामील किए। इनमें 69 स्थाई वारंट शामिल हैं। तामील किए गए सभी वारंटियों को नियमानुसार संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान मारपीट, चाकूबाजी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, एनआई एक्ट सहित विभिन्न प्रकरणों में लंबे समय से लंबित वारंटों पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने न्यायालयीन अभिलेखों में दर्ज जानकारी का परीक्षण करने के साथ स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। वारंटियों के संभावित निवास और ठिकानों की जानकारी जुटाकर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई।

इन थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

उपलब्ध थाना-वार आंकड़ों के अनुसार दुर्ग थाने से 23, छावनी 15, मोहन नगर 21, खुर्सीपार 16, कुम्हारी 3, भिलाई भट्ठी 6, भिलाई नगर 3, पद्मनाभपुर 15, पुरानी भिलाई 6, सुपेला/चौकी स्मृति नगर 27, उतई 4, वैशाली नगर 1, जामुल 3, नंदिनी नगर 14, नेवई 14 और पुलगांव थाना क्षेत्र में 7 वारंट तामील किए गए।

इन थाना क्षेत्रों से कुल 178 वारंट तामील किए गए, जबकि अभियान में अलग से 69 स्थाई वारंट तामील किए गए। इस तरह अभियान का कुल आंकड़ा 247 वारंट रहा।

पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लंबे समय से लंबित न्यायालयीन वारंटों की प्रभावी तामिली सुनिश्चित करना और न्यायालयीन प्रक्रिया के क्रियान्वयन में पुलिस स्तर से आवश्यक कार्रवाई करना था। अभियान के दौरान पकड़े गए वारंटियों को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां उनके मामलों में न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की गई।