प्रतिभावान विद्यार्थियों व वरिष्ठजनों का सम्मान, युवाओं को शिक्षा और समाजसेवा से जुड़ने का आह्वान

कुश जयंती पर मौर्य कुशवाहा समाज ने दिखाई सामाजिक एकजुटता

प्रतिभावान विद्यार्थियों व वरिष्ठजनों का सम्मान, युवाओं को शिक्षा और समाजसेवा से जुड़ने का आह्वान

भिलाई। मौर्य कुशवाहा समाज भिलाई की ओर से कुश जयंती और पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन सम्राट अशोक चौक, न्यू खुर्सीपार में किया गया। कार्यक्रम में समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों और वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर सामाजिक एकता और पारिवारिक सहभागिता का परिचय दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे भगवान कुश की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद सुबह 11 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें समाज की महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव थे। अध्यक्षता नगर पालिका परिषद अहिवारा के अध्यक्ष विद्यानंद कुशवाहा ने की। विशिष्ट अतिथियों में मोहिन्द्र सिंह सैनी, भूपेंद्र यादव, जत्रा सिंह सैनी, अशोक सिंह कुशवाहा, अजय कुमार मौर्य, भगवान सिंह कुशवाहा सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समाज के वरिष्ठजनों का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक देवेंद्र यादव ने समाज के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समाज की गतिविधियों में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी पर जोर दिया। समाज के अध्यक्ष रामानंद मौर्य ने समाज की ओर से किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाज भवन के लिए 15 लाख रुपए की लागत से डोमशेड निर्माण, सम्राट अशोक की प्रतिमा की ऊंचाई बढ़ाने तथा प्रतिमा स्थल के करीब 37 लाख रुपए के सौंदर्यीकरण कार्य सहित विभिन्न विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि समाज भवन में पेयजल व्यवस्था के लिए बोर एवं मोटर पंप, डोमशेड के नीचे पेवर ब्लॉक, बैठने के लिए नाइट शेड, ग्रेनाइट एवं टाइल्स, बिजली कनेक्शन और माइक सेट की व्यवस्था की गई है। पूरे परिसर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

समाज के विकास के लिए बनाई गईं नई योजनाएं

समारोह के दौरान समाज की आगामी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इनमें परिसर की रिक्त भूमि पर डोमशेड का निर्माण, विवाह योग्य युवक-युवतियों का बायोडाटा युक्त सामाजिक परिचय पत्रिका प्रकाशित करना तथा भिलाई के सेक्टर क्षेत्र में समाज भवन और कुश मंदिर का निर्माण शामिल है। अध्यक्ष रामानंद मौर्य ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा के साथ सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। समारोह के माध्यम से सामाजिक एकजुटता, शिक्षा और युवा सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।