शेयर ट्रेडिंग में 3.04 करोड़ रुपये लगवाए, 2 करोड़ हड़पे, शिकायत के चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर एक परिवार के 10 सदस्यों से 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपये निवेश के नाम पर अपने खातों में ट्रांसफर कराने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने शिकायत के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने इनमें से 1 करोड़ 3 लाख 60 हजार रुपये वापस किए, लेकिन 2 करोड़ 90 हजार रुपये वापस नहीं किए।
पुलिस के अनुसार, प्रेम सागर चौक निवासी कृष्ण कुमार चंद्राकर (56) ने 29 अगस्त 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि प्रकाश सिन्हा (32) ने खुद की शेयर ट्रेडिंग कंपनी संचालित करने और निवेश पर अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर प्रार्थी और उसके परिवार के 10 सदस्यों को निवेश के लिए प्रेरित किया।
आरोपी ने 24 नवंबर 2021 से 13 जनवरी 2022 के बीच अलग-अलग बैंक खातों से कुल 3,04,50,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवाए। बाद में 1,03,60,000 रुपये वापस कर दिए, लेकिन 2,00,90,000 रुपये वापस नहीं किए।
शिकायत मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पतासाजी शुरू की और उसे पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में संलिप्तता सामने आने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
आरोपी प्रकाश सिन्हा, निवासी अमलेश्वर, तहसील भिलाई-03, हाल ग्राम कोनार, मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा का रहने वाला है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 467/2026, धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वित्तीय लेन-देन समेत अन्य साक्ष्य जुटा रही है।
