लक्ष्मी मार्केट के गोदाम से एसी कॉपर वायर चोरी का खुलासा

शटर उठाकर रात में घुसे थे चोर, आकाशगंगा मार्केट में बेचने ग्राहक तलाशते पकड़े गए; बालक भी शामिल

लक्ष्मी मार्केट के गोदाम से एसी कॉपर वायर चोरी का खुलासा

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र के लक्ष्मी मार्केट स्थित एक गोदाम से एसी का कॉपर वायर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय आकाश पाल को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया एसी कॉपर वायर बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 24 जुलाई 2026 को प्रार्थी गजानंद नौखरे ने सुपेला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि लक्ष्मी मार्केट स्थित उनके गोदाम के पीछे का शटर टूटा हुआ है और अंदर रखा एसी का कॉपर वायर गायब है। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 1047/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान 18 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दक्षिण गंगोत्री, आकाशगंगा मार्केट स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों के पास दो युवक एसी कॉपर वायर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर सुपेला पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में एक ने अपना नाम आकाश पाल, उम्र 19 वर्ष 4 माह, निवासी गौतम नगर, रोशनी ब्यूटी पार्लर के पास, सुपेला बताया। दूसरे की पहचान विधि से संघर्षरत बालक के रूप में हुई।

पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि 22 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे वे लक्ष्मी मार्केट स्थित गोदाम के पीछे पहुंचे थे। वहां शटर को पीछे से उठाकर अंदर प्रवेश किया और गोदाम में रखा एसी का कॉपर वायर चोरी कर लिया। चोरी के बाद वायर को बिक्री के उद्देश्य से अलग-अलग टुकड़ों में कर छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लाल मैदान, फरीद नगर के पास झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखा चोरी का एसी कॉपर वायर बरामद कर लिया।

मामले में आरोपी आकाश पाल को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में आगे की कार्रवाई जारी है।