सेंट्रल एवेन्यू में स्टंटबाजी पड़ी भारी, दो युवकों पर कार्रवाई, 12 हजार रुपए का चालान, बाइक भी जब्त

सेंट्रल एवेन्यू में स्टंटबाजी पड़ी भारी, दो युवकों पर कार्रवाई, 12 हजार रुपए का चालान, बाइक भी जब्त

भिलाई। सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर तेज रफ्तार में बाइक चलाकर स्टंट करना दो युवकों को भारी पड़ गया। आम नागरिक की शिकायत पर यातायात पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। दोनों चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं मिला। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कुल 12 हजार रुपए का चालान किया है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा लापरवाही, तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यातायात पुलिस को शिकायत मिली थी कि सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर दो युवक मोटरसाइकिल से स्टंट करते हुए तेज रफ्तार में वाहन चला रहे हैं। इससे सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा था। शिकायत मिलने के बाद सिविक सेंटर यातायात जोन प्रभारी ने सीसीटीवी के तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों मोटरसाइकिलों की पहचान कर उन्हें जब्त किया। जांच में दोनों चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते पाए गए।

यातायात पुलिस ने दोनों के पालकों को बुलाकर कड़ी समझाइश दी। उन्हें हिदायत दी गई कि वे बिना लाइसेंस अपने बच्चों को वाहन न दें और तेज रफ्तार या स्टंट जैसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रखें। बिना लाइसेंस वाहन चलाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को भी पत्र भेजा गया है। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर स्टंट या खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों की जानकारी यातायात पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9479192029 पर दें। पुलिस ने कहा कि सड़क स्टंट करने की जगह नहीं है। तेज रफ्तार और स्टंटबाजी से खुद के साथ दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।