कॉलेज के पास ₹2.40 लाख की नशीली गोलियों के साथ दो नाबालिग दबोचे

भिलाई। कॉलेज क्षेत्र में युवाओं तक नशीली दवाएं पहुंचाने की कोशिश को खुर्सीपार पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। आईटीआई खेल मैदान के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया और उनके कब्जे से 600 नशीली टेबलेट बरामद कीं। जब्त टेबलेट की अनुमानित कीमत करीब 2.40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस को 5 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आईटीआई खेल मैदान के समीप दो युवक नशीली टेबलेट बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से 600 नशीली टेबलेट बरामद हुईं। पूछताछ में दोनों ने अवैध रूप से नशीली गोलियों की बिक्री करना स्वीकार किया। इसके बाद थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 327/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
दोनों अपचारी बालकों को वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीली टेबलेट उन्हें किसने उपलब्ध कराई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
खुर्सीपार पुलिस का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशे के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
