दुर्ग में उपसरपंच की हत्या, लूट का विरोध करने पर चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट

दुर्ग। जिले के जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात लूट का विरोध करना ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप के लिए जानलेवा साबित हुआ। चार अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोककर पहले लूटपाट का प्रयास किया और विरोध करने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी उनका मोबाइल फोन और करीब चार हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, प्रकाश सिंह कश्यप रविवार देर रात अपने एक साथी के साथ भिलाई से ग्राम तुमाकला लौट रहे थे। करगीडीह और चिखली चौक के बीच एक बाइक पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उनसे मोबाइल फोन और नकदी छीनने की कोशिश की। जब प्रकाश सिंह कश्यप ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर चाकू से लगातार कई वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह कश्यप ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर भाग निकला और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही जेवरा-सिरसा थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। वारदात के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और लगभग चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।
प्रकाश सिंह कश्यप धमधा विकासखंड के ग्राम तुमाकला के उपसरपंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि अस्पताल एवं गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने इस जघन्य वारदात की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन्हें कठोर सजा दिलाने की मांग की है।
