टंकी की राइजिंग पाइपलाइन में लीकेज, 24 जून को कई वार्डों में जलापूर्ति रहेगी प्रभावित

टंकी की राइजिंग पाइपलाइन में लीकेज, 24 जून को कई वार्डों में जलापूर्ति रहेगी प्रभावित

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र के पांच बिल्डिंग इलाके में मुर्गी फार्म के पास स्थित बोरसी-पोटिया टंकी को भरने वाली राइजिंग पाइपलाइन में लीकेज होने से बड़ी मात्रा में शुद्ध पेयजल का रिसाव हो रहा है। जल संरक्षण एवं जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निगम प्रशासन द्वारा 24 जून 2026 को पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाएगी।

निगम अधिकारियों के अनुसार मरम्मत कार्य के चलते 24 जून की शाम को वार्ड क्रमांक 49, 50, 51, 52, 53, 54 तथा वार्ड 46 के कुछ क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों के निवासियों को पानी की आपूर्ति नहीं हो सकेगी।

नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यकतानुसार पहले से पानी का संग्रह कर लें और मरम्मत कार्य के दौरान सहयोग प्रदान करें। निगम प्रशासन ने बताया कि पाइपलाइन मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद 25 जून 2026 की सुबह से जलापूर्ति पुनः सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएगी। अस्थायी असुविधा के लिए निगम ने नागरिकों से खेद व्यक्त करते हुए सहयोग की अपेक्षा की है।