अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़, 242 पौवा शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

शराब दुकान का सुपरवाइजर कमीशन पर करा रहा था सप्लाई, पुलिस ने स्कूटी समेत 24 हजार से अधिक की शराब जब्त की

अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़, 242 पौवा शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। जामुल थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 242 पौवा देशी शोले मसाला शराब और एक स्कूटी जब्त की है। मामले में देशी शराब दुकान जामुल के सुपरवाइजर की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार 12 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति स्कूटी में अवैध रूप से शराब रखकर नंदिनी रोड स्थित बीके कंपनी के पास बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस और एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अजय कुमार और अनिल विश्वकर्मा, निवासी राजीव नगर खुर्सीपार बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से 242 पौवा देशी शोले मसाला शराब, कुल 43.560 बल्क लीटर, जिसकी कीमत लगभग 24,200 रुपये है, बरामद की गई। साथ ही स्कूटी क्रमांक CG 07 BV 1464 भी जब्त की गई।

जांच के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें यह शराब देशी शराब दुकान जामुल के सुपरवाइजर डागेश साहू द्वारा कमीशन के आधार पर उपलब्ध कराई जाती थी। पुलिस ने जांच में आरोप सही पाए जाने पर डागेश साहू को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना जामुल में अपराध क्रमांक 399/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

आरोपी का नाम :

1. अजय कुमार, उम्र 26 वर्ष, निवासी राजीव नगर, खुर्सीपार।
2. अनिल विश्वकर्मा, उम्र 26 वर्ष, निवासी राजीव नगर, खुर्सीपार।
3. डागेश साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 08, शांति नगर, कुम्हारी, जिला दुर्ग।