हाईकोर्ट के आदेश के बाद निगम का एक्शन, उत्पल घोष के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर

हाईकोर्ट के आदेश के बाद निगम का एक्शन, उत्पल घोष के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई ने नंदिनी रोड पर आवागमन में बाधा बन रहे अवैध कब्जे को हटाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। निगम की बेदखली टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई कर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया।

जानकारी के अनुसार, जोन-4 क्षेत्र के नंदिनी रोड स्थित ग्रुप-ए, भूखंड क्रमांक-02 के पूर्व दिशा में उत्पल घोष द्वारा व्यवसायिक गतिविधियों के लिए किए गए अवैध कब्जे की शिकायत निगम को प्राप्त हुई थी। जांच में पाया गया कि कब्जे के कारण आम लोगों और व्यापारियों के आवागमन में परेशानी हो रही थी।

निगम अधिकारियों ने बताया कि संबंधित निर्माणकर्ता को पूर्व में माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर के आदेशों के अनुपालन में कई बार नोटिस और अंतिम चेतावनी जारी की गई थी। इसके बावजूद अवैध संरचना नहीं हटाई गई। इसके बाद निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर राजस्व विभाग, बेदखली दल और थाना छावनी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

कार्रवाई के बाद नंदिनी रोड पर यातायात और आवागमन पूरी तरह सुचारू हो गया है। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या कब्जे की जानकारी तत्काल निगम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बेदखली अभियान के दौरान जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा, सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू, जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत मांझी, बेदखली सहायक हरिओम गुप्ता सहित निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।