पांच महीने से फरार था हेरोइन तस्करी का आरोपी, पुलिस ने आखिरकार दबोचा
33 ग्राम हेरोइन और 281 ग्राम डोडा बरामदगी मामले में बड़ी कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के आरोपी को भेजा गया जेल

भिलाई। नशे और मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ दुर्ग पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में जामुल थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने और चर्चित मामले में फरार चल रहे आरोपी राहुल उर्फ गौरव पाठक, उम्र 30 वर्ष, निवासी खुर्सीपार जोन-03, सड़क नंबर 04, वार्ड क्रमांक 34, खुर्सीपार, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब पांच महीने से पुलिस से बचता फिर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।

मामला 2 जनवरी 2026 का है। थाना जामुल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ढांचा भवन क्षेत्र में रहने वाली रज्जी कौर अपने बेटे किशन सिंग के साथ मिलकर अवैध रूप से हेरोइन चिट्ठा और डोडा की बिक्री कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमार कार्रवाई की थी। रेड के दौरान पुलिस ने किराये के मकान से 33.36 ग्राम हीरोइन चिट्ठा और 281.85 ग्राम डोडा बरामद किया था। मामले में थाना जामुल में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

इस मामले में पुलिस पहले ही रज्जी कौर, किशन सिंग, मिथलेश, परमेश्वर, लोकेश, निहाल, अल्ताफ, माजिद, दीपक कुमार शाह, रणदीप और अभयजोत सिंह सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। वहीं आरोपी राहुल उर्फ गौरव पाठक घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। तकनीकी जांच और मुखबिर सूचना के आधार पर आखिरकार 24 मई को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के जरिए अवैध आर्थिक लाभ कमाने में शामिल था। मामले में पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
