एक हफ्ते में 2466 चालान: दुर्ग में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कड़ा शिकंजा
हेलमेट, सीट बेल्ट और मोबाइल उपयोग पर सख्ती, प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार चेकिंग

दुर्ग। शहर में ट्रैफिक नियमों को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। यातायात पुलिस दुर्ग ने पिछले एक सप्ताह में सघन जांच अभियान चलाते हुए 2466 चालान की कार्रवाई की है। यह अभियान 25 अप्रैल से 1 मई 2026 तक चलाया गया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सीधे कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सिविक सेंटर, सूर्या मॉल चौक, जुनवानी चौक, रिसाली मार्केट और जेल तिराहा जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चेकिंग पॉइंट बनाए गए। यहां बिना हेलमेट, सीट बेल्ट के बिना ड्राइविंग, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, ओवरलोडिंग और गलत दिशा में गाड़ी चलाने जैसे मामलों पर खास फोकस रखा गया।

पुलिस का कहना है कि यह अभियान सिर्फ चालान तक सीमित नहीं है। इसका मकसद सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और लोगों में ट्रैफिक नियमों को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। लगातार चेकिंग से आमजन में नियमों के प्रति अनुशासन भी देखने को मिल रहा है।

यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी इस पूरे अभियान में सक्रिय रहे। अधिकारियों के मुताबिक, सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

