भिलाई में डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर बुजुर्ग महिला से 7 लाख की ठगी, घर पहुंचकर कराई तलाशी, सोना गिरवी रखवाकर भी ऐंठे पैसे

भिलाई। ठगों ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर एक बुजुर्ग महिला को “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर कई दिनों तक मानसिक दबाव में रखा और आखिरकार 7 लाख रुपये की ठगी कर ली। हैरानी की बात यह है कि ठगों ने न सिर्फ वीडियो कॉल के जरिए डराया, बल्कि फर्जी पुलिस बनकर महिला के घर तक पहुंच गए और ‘तलाशी’ के नाम पर सोना गिरवी रखवाकर भी रकम हड़प ली। मामला स्मृतिनगर चौकी, थाना सुपेला क्षेत्र का है।

आर्य नगर कोहका निवासी 62 वर्षीय निर्मला चौबे ने शिकायत दर्ज कराई है कि 13 मार्च 2026 को उनके मोबाइल पर एक वीडियो कॉल आया। कॉल पर 5-7 लोग पुलिस की वर्दी में नजर आए। उनमें से एक ने खुद को संदीप राव, मुंबई क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर बताया। ठगों ने महिला को बताया कि उनके नाम पर कोटक महिंद्रा बैंक का खाता है, जिसमें अलग-अलग शहरों से 4-5 करोड़ रुपए जमा हैं और वे अवैध गतिविधियों में शामिल हैं। इसके बाद उन्हें डिजिटल अरेस्ट करने और घर की तलाशी लेने की धमकी दी गई।

साथ ही यह भी कहा गया कि यदि उन्होंने किसी परिजन को जानकारी दी, तो उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। डर के माहौल में महिला से व्हाट्सएप पर लिखित बयान तक मंगवाया गया और फर्जी दस्तावेज दिखाए गए, जिनमें उनके नाम से एफआईआर और सुप्रीम कोर्ट के आदेश जैसे कागजात शामिल थे। लगातार कई दिनों तक मानसिक दबाव बनाकर उनसे पैसे ट्रांसफर करवाए गए।

महिला ने 16 मार्च को एसबीआई सेक्टर-1 भिलाई स्थित अपने खाते से 3 लाख रुपए आरटीजीएस के जरिए एक खाते में ट्रांसफर किए। इसके बाद 17 मार्च की शाम दो युवक और एक युवती उनके घर पहुंचे। उन्होंने खुद को जांच टीम बताकर घर की तलाशी की बात कही और 4 लाख रुपये की मांग की। जब महिला ने नकदी न होने की बात कही, तो ठगों ने घर में रखे सोने के गहने दिखाने को कहा। फिर उन्हें सुपेला स्थित मुथुट फाइनेंस में सोना गिरवी रखकर पैसे जमा करने के लिए कहा गया। महिला ने उनके बताए अनुसार 4 लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए। ठगों ने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद 15 अप्रैल के बाद पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। इसी झांसे में आकर महिला ने किसी भी परिजन को इसकी जानकारी नहीं दी। वह घर में अकेली रहती हैं, जबकि बेटा बेंगलुरु और बेटी राजस्थान में रहती है। आखिरकार ठगी का अहसास होने पर महिला अपने दामाद के साथ स्मृति नगर चौकी पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। सुपेला थाना पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

