दुर्ग में पैरोल से फरार आरोपी पर 30 हजार का इनाम घोषित

दुर्ग। थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दुर्ग पुलिस ने 30,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने आम नागरिकों से आरोपी के संबंध में सूचना देने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 38/2024 के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपी जसपाल सिंह (35 वर्ष), निवासी एचआईजी 2862/3862, हाउसिंग बोर्ड, जामुल को जिला न्यायालय से रिहाई के बाद पेशी पर उपस्थित होना था, लेकिन वह लगातार फरार है। न्यायालय में अनुपस्थित रहने के कारण उसके खिलाफ थाना पद्मनाभपुर में धारा 229 (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और पतासाजी कर रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का नगद इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि आरोपी के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
