घरेलू विवाद में पत्नी ने की पति की हत्या, सिलबट्टे से वार कर उतारा मौत के घाट

भिलाई में छावनी थाना क्षेत्र के दुर्गा पारा कैम्प-02 में वारदात, लंबे समय से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद

घरेलू विवाद में पत्नी ने की पति की हत्या, सिलबट्टे से वार कर उतारा मौत के घाट

डोमन साहू

भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक बार फिर खौफनाक मोड़ ले लिया। दुर्गा पारा कैम्प-02 में एक महिला ने आवेश में आकर अपने ही पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 19 अप्रैल 2026 की रात की है। सूचना मिलते ही छावनी थाना की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि मृतक डोमन लाल साहू (40 वर्ष) और उसकी पत्नी हीरामणि साहू (35 वर्ष)  के बीच पहले से ही घरेलू विवाद चलता आ रहा था।

घटना के दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो अचानक हिंसक हो गई। इसी दौरान आरोपी महिला हीरामणि साहू ने गुस्से में आकर सिलबट्टे से पति के सिर पर हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि डोमन लाल साहू की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त सिलबट्टा जप्त कर लिया है और प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामला घरेलू विवाद से जुड़ा है और आगे की जांच जारी है।