हेलमेट नहीं पहनने वालों पर शिकंजा, 2026 में अब तक 1.15 करोड़ से ज्यादा जुर्माना

दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने और दोपहिया चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस का हेलमेट चेकिंग अभियान लगातार जारी है। नियमों के पालन को लेकर पुलिस सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है, जिससे लोगों में जागरूकता भी बढ़ रही है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2023 में 1653 प्रकरण दर्ज कर 8,26,500 रुपये समन शुल्क वसूला गया। वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 3961 प्रकरण और 19,80,500 रुपये हो गई। वर्ष 2025 में 2328 मामलों में कार्रवाई करते हुए 11,64,000 रुपये वसूले गए।

वर्तमान वर्ष 2026 में अभियान और तेज हुआ है। अब तक 23,088 प्रकरणों में कार्रवाई कर 1,15,44,000 रुपये समन शुल्क वसूला जा चुका है।
दुर्घटना के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। वर्ष 2025 में हेलमेट नहीं पहनने के कारण 230 लोगों की जान गई थी। वहीं 2026 के शुरुआती चार महीनों में ही 26 लोगों की मौत हेलमेट न पहनने की वजह से दर्ज की गई है।
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना है। लगातार कार्रवाई के चलते अब दोपहिया वाहन चालकों में हेलमेट पहनने को लेकर जागरूकता बढ़ रही है, जिससे सड़क हादसों में मौत के आंकड़ों को कम करने में मदद मिल रही है।
