आत्मानंद स्कूलों में फीस का विरोध तेज, सरकार से पुनर्विचार की मांग

भिलाई। सेक्टर-6 स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में प्रस्तावित 1500 रुपए फीस को लेकर राजनीतिक विरोध शुरू हो गया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-4 के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद सौरभ दत्ता ने प्रतिनिधिमंडल के साथ स्कूल पहुंचकर प्राचार्य श्रीमती दलजीत से मुलाकात की और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्कूल की स्थिति का जायजा लिया और विभिन्न समस्याओं से अवगत हुए। सौरभ दत्ता ने बताया कि इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी श्री मिश्रा से दूरभाष पर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि आत्मानंद स्कूलों में पढ़ने वाले अधिकांश छात्र गरीब एवं मजदूर परिवारों से आते हैं। ऐसे में 1500 रुपए की फीस लेना उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है।

सौरभ दत्ता ने पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय आत्मानंद स्कूलों में निशुल्क शिक्षा दी जाती थी और शिक्षा को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह मॉडल तैयार किया गया था। स्कूलों में लैब, लाइब्रेरी सहित अन्य सुविधाएं विकसित की गई थीं और बड़ी संख्या में शिक्षकों की भर्ती भी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार स्कूलों की व्यवस्थाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है और अब फीस थोपना दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय है। उन्होंने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है। इस दौरान अजय यादव, आकाश हाडे, संदीप कोरी, भिलाई शहर जिला युवा कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष इमाम खान, मंडल अध्यक्ष लॉरेंस, ब्लॉक कोषाध्यक्ष सतीश सोनकर, महेंद्र सिंह गिल, सनी, सतनाम सिंह, अभी साहू आदि उपस्थित थे।
