जीवनदीप कर्मचारियों ने उठाई कई मांगें, सिविल सर्जन को सौंपा ज्ञापन

जीवनदीप कर्मचारियों ने उठाई कई मांगें, सिविल सर्जन को सौंपा ज्ञापन

दुर्ग। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित जीवनदीप समिति में कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आवाज उठाई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी प्रकोष्ठ संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने सिविल सर्जन को आवेदन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।

संघ का कहना है कि जीवनदीप समिति के अंतर्गत कर्मचारी पिछले 5 से 20 वर्षों से लगातार सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने बढ़ती महंगाई को देखते हुए हर साल 15 प्रतिशत वेतन वृद्धि की मांग की है।

इसके साथ ही कर्मचारियों ने 3 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा देने की मांग भी रखी है, ताकि बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

संघ ने भविष्य निधि (PF) लागू करने, श्रम सम्मान राशि देने और नियमित कर्मचारियों की तरह चिकित्सा अवकाश, संतान पालन अवकाश एवं अर्जित अवकाश की सुविधा प्रदान करने की भी मांग की है। इसके अलावा जीवनदीप समिति की सामान्य सभा और कलेक्टर स्तर की बैठकों में संघ के जिला अध्यक्ष को शामिल करने की बात भी कही गई है, ताकि कर्मचारियों की समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंच सकें।