थनौद अंडरपास विवाद खत्म, अब 6 मीटर ऊंचाई के साथ होगा निर्माण

थनौद अंडरपास विवाद खत्म, अब 6 मीटर ऊंचाई के साथ होगा निर्माण

दुर्ग। जिले के थनौद में अंडरपास की ऊंचाई को लेकर चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। भारतमाला सड़क परियोजना के तहत निर्माणाधीन अंडरपास ब्रिज की ऊंचाई 6 मीटर करने की स्वीकृति मिल गई है और इसके साथ ही निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।

पहले इस अंडरपास की ऊंचाई 4 मीटर प्रस्तावित थी, जिसे लेकर किसान, ग्रामीण और मूर्तिकार लंबे समय से विरोध कर रहे थे। उनका कहना था कि कम ऊंचाई के कारण हार्वेस्टर, धान और मूर्तियों के परिवहन में परेशानी होगी। इसी मांग को लेकर क्षेत्र में अनिश्चितकालीन हड़ताल भी की गई थी।

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए किसानों को भरोसा दिलाया था कि उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जब तक ऊंचाई बढ़ाने की स्वीकृति नहीं मिलती, तब तक विवादित स्थल पर निर्माण कार्य रोक दिया जाए।

अब प्रशासन की पहल पर अंडरपास की ऊंचाई 4 मीटर से बढ़ाकर 6 मीटर कर दी गई है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया है और इसकी जानकारी ग्रामीणों को भी दे दी गई है।

दो प्रमुख मांगों में से एक पूरी होने के बाद किसानों और ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया है और प्रशासन के फैसले पर संतोष जताया है। इलाके के लोगों का कहना है कि इस फैसले से अब खेती-किसानी और परिवहन दोनों में सहूलियत मिलेगी।