दुर्ग में अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी हिरासत में, भारी स्क्रैप जब्त

दुर्ग। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। सिटी कोतवाली, मोहन नगर और अण्डा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में लोहे का कबाड़ और पुराने वाहन पार्ट्स जप्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार सिटी कोतवाली क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि तकियापारा और नयापारा रोड इलाके में कुछ लोग अवैध रूप से कबाड़ की खरीदी-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरबीएस बस गैरेज के पास और मोतीपारा लुचकी तालाब के सामने दबिश दी। मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने अवैध कबाड़ कारोबार करना स्वीकार किया।

इसी दौरान मोहन नगर थाना क्षेत्र के तितुरडीह स्थित एक कबाड़ी दुकान में छापा मारकर करीब 500 किलोग्राम पुराने लोहे के कार पार्ट्स जप्त किए गए। जप्त सामग्री की कीमत लगभग 13,500 रुपये बताई गई है।
वहीं अण्डा थाना क्षेत्र के विनायकपुर रोड में भी कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ क्विंटल वाहन स्क्रैप और लोहे का कबाड़ बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 3,750 रुपये आंकी गई है।
इस मामले में मोहम्मद सलमान, मोहम्मद शोएब आजमी, मोहम्मद एजाज, दिलबाग सिंह ढिल्लन उर्फ बागे और मोहम्मद जावेद को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बीएनएसएस की धारा 106 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।