ऑनलाइन मंगाया गया प्रतिबंधित हथियार, दुर्ग में मिशो के एरिया मैनेजर समेत 2 गिरफ्तार

हत्या के प्रयास मामले की जांच में खुलासा, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से हुई थी धारदार हथियार की डिलीवरी

ऑनलाइन मंगाया गया प्रतिबंधित हथियार, दुर्ग में मिशो के एरिया मैनेजर समेत 2 गिरफ्तार

दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले की जांच के दौरान बड़ा खुलासा करते हुए ई-कॉमर्स कंपनी मिशो से जुड़े दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रतिबंधित धारदार हथियार की ऑनलाइन डिलीवरी कराई गई थी, जिसका उपयोग हमले में किया गया।

पुलिस के अनुसार 16 फरवरी 2026 को बोरसी निवासी सुमन मारकण्डे ने थाना पद्मनाभपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 15 फरवरी 2026 की रात करीब 9:45 बजे आरोपी प्रकाश यादव ने पूर्व रंजिश के चलते उनके पति शिवनंदन मारकण्डे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 115/2026 धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मुख्य आरोपी प्रकाश यादव को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

जांच के दौरान आरोपी के मेमोरेण्डम कथन और डिजिटल साक्ष्यों से पता चला कि घटना में इस्तेमाल किया गया प्रतिबंधित धारदार हथियार ऑनलाइन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म मिशो के माध्यम से 14 सितंबर 2025 को ऑर्डर कर मंगाया गया था। इसके बाद पुलिस ने मिशो कंपनी के एरिया मैनेजर लोकोप्रियो बानिक और डिलीवरी से जुड़े विवेक वर्मा  उर्फ विकु (विके लॉजिस्टिक) को नोटिस जारी कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों प्रतिबंधित हथियार की आपूर्ति से जुड़े वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में सामने आया कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए प्रतिबंधित धारदार हथियार की आपूर्ति आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(क), 27(3) और धारा 5 व 7 का उल्लंघन है।  इसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने मामले में घटना से जुड़े डिजिटल साक्ष्य और ऑनलाइन ऑर्डर से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।