झारखंड से नशीले इंजेक्शन छत्तीसगढ़ ला रहे तीन तस्कर गिरफ्तार, कुसमी पुलिस की कार्रवाई

झारखंड से नशीले इंजेक्शन छत्तीसगढ़ ला रहे तीन तस्कर गिरफ्तार, कुसमी पुलिस की कार्रवाई

बलरामपुर। जिले के कुसमी थाना पुलिस ने नशीले इंजेक्शन के अवैध परिवहन के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 मार्च को कुसमी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुसमी निवासी मनेश कुमार प्रजापति अपने दो साथियों के साथ झारखंड के महुआडांड़ की ओर से पल्सर मोटरसाइकिल में नशीले इंजेक्शन लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कुसमी-कोरंधा रोड पर घेराबंदी कर बाइक सवार तीनों संदिग्धों को रोका।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मनेश कुमार प्रजापति की मोटरसाइकिल और मोहम्मद सैफ व पंकज प्रजापति के कब्जे से नशीले इंजेक्शन बरामद किए। जब्त सामग्री में 13 नग फेनिरामिन मेलिएट (Avil) इंजेक्शन 10 एमएल और एक शीशी में आधा भरा हुआ इंजेक्शन मिला, जिसकी कुल मात्रा करीब 130.5 एमएल है। इसके अलावा एनआरएक्स बुप्रेनॉर्फिन (Rexogesic) इंजेक्शन के 13 एम्प्यूल भी बरामद हुए, जिसकी कुल मात्रा 26 एमएल बताई गई है।

पुलिस ने जब्त नशीले इंजेक्शन के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज किया। कार्रवाई के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर 9 मार्च को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।