कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव की 50 लाख की संपत्ति फ्रीज, कई बार जेल जा चुका है आरोपी

कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव की 50 लाख की संपत्ति फ्रीज, कई बार जेल जा चुका है आरोपी

जशपुर। नशे के कारोबार पर नकेल कसने जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात लगातार असर दिखा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी 50.64 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी है। यह कार्रवाई सफेमा कोर्ट मुंबई के आदेश पर की गई।  

जानकारी के अनुसार, चौकी कोतबा क्षेत्र के ग्राम जामझोर निवासी रोहित यादव लंबे समय से गांजा तस्करी में लिप्त था। पुलिस ने जांच में पाया कि उसने इस गैरकानूनी धंधे से मकान, गाड़ियां और अन्य संपत्ति खड़ी की थी, जो उसकी आय के वैध स्रोतों से मेल नहीं खाती।  गौरतलब है कि 6 नवंबर 2021 को कोतबा पुलिस ने रोहित यादव और उसके साथियों को पकड़कर उनके कब्जे से 20.570 किलो गांजा जब्त किया था। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत केस दर्ज कर जेल भेजा गया था।  

इतना ही नहीं, रोहित यादव पर इससे पहले भी कई बार कार्रवाई हो चुके हैं। 2013 में 13 किलो गांजा के साथ पकड़ा गया था।  2017 में अंबिकापुर पुलिस ने 23.630 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया।  2023 में 82 किलो गांजा के साथ फिर पकड़ा गया।  हर बार जेल भेजे जाने के बाद भी आरोपी ने गांजा तस्करी को कारोबार बना लिया था। पुलिस ने बताया कि बार-बार की गिरफ्तारी के बावजूद वह इस अवैध धंधे में सक्रिय था और नशे के पैसों से आलीशान जीवन जी रहा था।  जशपुर एसपी की टीम ने अब उसकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति को जब्त कर, SFEMA कोर्ट के आदेश पर फ्रीज कराया है।