लखनऊ जा रही बस पलटी, बच्चे समेत तीन लोगों की मौत

लखनऊ जा रही बस पलटी, बच्चे समेत तीन लोगों की मौत

शहडोल जिले में बस पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई। बस दुर्घटना में 36 यात्री घायल हुए हैं, जिसमें 10 घायलों को जिला अस्पताल में और 26 घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार रात करीब 11.30 बजे हुआ है। सिंहपुर थाने के इंचार्च रामेश्वर उईके ने बताया कि शहडोल से करीब 35 किमी दूर पथखई घाट पर छत्तीसगढ़ के कवर्धा से लखनऊ की ओर जा रही बस (सीजी 09 जेएम 6758) अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में मुंगेली-छग की रहने वाली 12 वर्षीय महिमा कश्यप, उप्र के शाहजहांपुर के रहने वाले 26 वर्षीय नादिर खान की मौत हो गई। एक अन्य मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। जिसकी उम्र तकरीबन 55 वर्ष है।

उईके के अनुसार घाट में शहडोल की ओर से जा रहा ट्रक पहले से खड़ा हुआ था। सामने से बस आई। चालक साइड लेकर बस को निकालते समय किनारे गहरे गड्ढे को समझ नहीं पाया और उसी गड्ढे के कारण बस पलट गई। घटना के बाद तत्काल वहां एक मिनी ट्रक लेकर मोहम्मद सोहेल निवासी केरहा पहुंच गया था। उसने अपने मालिक को घटना की सूचना दी और मालिक ने सिंहपुर थाने को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर गई और घायलों की मदद में लग गई।
 
बताया जाता है कि भोरमदेव ट्रेवल्स की बस में 50 यात्री सवार थे। 36 यात्री हादसे में घायल हुए हैं। दुर्घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। 26 घायलों को शहडोल मेडिकल कॉलेज और 10 को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में आठ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। हादसे के बाद चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए हैं। बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शहडोल कलेक्टर वंदना वैद्य भी मौके पर पहुंची और यात्रियों से बात की है