मां को लगा जिगर के टुकड़े की मौत का सदमा, तोड़ा दम

मां को लगा जिगर के टुकड़े की मौत का सदमा, तोड़ा दम

बालोद। बालोद में बीमारी के चलते 14 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। इसका पता बच्चे की मां को लगा तो सदमे में उन्होंने भी दम तोड़ दिया। बच्चे को बुखार बताया जा रहा है, लेकिन मुंह से झाग निकलने के कारण मामला संदिग्ध है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण पता चल सकेगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को बच्चे के पिता को पीलिया बताया है। इसके बाद उन्हें राजनांदगांव रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम सरेखा निवासी अशोक का 14 साल का बेटा आर्यन 9वीं क्लास में पढ़ता था। कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब 5.30 बजे बच्चे की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद देर शाम मां नीरा बाई (38) की भी सदमे से हालत बिगड़ गई। इस पर उन्हें गुंडरदेही अस्पताल ले‎ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग व ग्रामीणों‎ के अनुसार, आर्यन को बुखार आने की शिकायत थी‎, लेकिन मुंह से झाग निकल रहा था। ऐसे में उसकी मौत संदेहास्पद है। फिलहाल शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद मां और बेटे के शव का एक साथ अंतिम‎ संस्कार गांव में किया गया। आर्यन के पिता अशोक को‎ पीलिया होने की पुष्टि रविवार‎ को स्वास्थ्य विभाग ने की है। सुरक्षा‎ के लिहाज से गुंडरदेही से मेडिकल‎ कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया‎ है।