पत्नी से विवाद के बाद शराबी पति ने घर में लगा दी आग, सिलेंडर ब्लास्ट, बछड़ा भी जिन्दा जला, आसपास के घर भी जले, आरोपी गिरफ्तार

रुपए सहित घर का सारा सामान जलकर खाक

पत्नी से विवाद के बाद शराबी पति ने घर में लगा दी आग, सिलेंडर ब्लास्ट, बछड़ा भी जिन्दा जला, आसपास के घर भी जले, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले की पाटन थाना अंतर्गत एक पति ने पत्नी से विवाद के बाद घर में आग लगा दी। इससे उनके घर के साथ-साथ आसपास के कई दूसरे घर भी जल गए। सिलेंडर भी हुआ ब्लास्ट। पुलिस ने आरोपी जगन्नाथ ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। 
मिली जानकारी के अनुसार जगन्नाथ पेशे से किसान है। उसका एक बेटा और दो बेटी हैं। एक बेटी की शादी हो गई। वहीं बेटा रायपुर में रहता है। उसकी छोटी बेटी भी अपने भाई के साथ रायपुर में ही रहती है। देमार में केवल जगन्नाथ और उसकी पत्नी ही रहते हैं। देमार निवासी जगन्नाथ ठाकुर (48 वर्ष) आदतन शराबी है। वह शराब पीकर आए दिन अपनी पत्नी कौशिल्या ठाकुर से झगड़ा करता था। शनिवार की सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि सुबह 11.45 बजे जगन्नाथ ठाकुर ने अपने घर में आग लगा दी। इसके बाद डर के मारे पत्नी बाहर भागी और लोगों से मदद की गुहार लगाई। जब तक लोग आग बुझाते, घर के अंदर रखा गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। इससे आग इतनी तेजी से भड़की की अगल बगल स्थित चार घरों में फैल गई। फिर पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई थी। पुलिस को जैसे ही मामले की जानकारी हुई, उन्होंने दमकल की गाडिय़ों को बुलाया। तीन दमकल गाडिय़ां दुर्ग से रवाना की गई। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में भगवती बंजारे, मेश्राम, मुख्तार अली, फायरमेन शरद और शारदा प्रसाद ने दो से तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। जगन्नाथ के घर में गैस सिलेंडर फटने से आग इतनी तेजी से भड़की की पहले उसके भतीजे मदन लाल ठाकुर के घर में फैली। मदन लाल का 45 हजार रुपए और घर का सारा सामान उसमें जल गया। आग बुझाने तक परिवार के काशी ठाकुर, नागेश ठाकुर और सतरूपा साहू का भी मकान जल गया है। आग लगने से लोग तो घर से भाग खड़े हुए, लेकिन अंदर जानवर जिंदा जल गया। बछड़े को बांधकर रखा गया था। मगर उसे खोलने तक का मौका नहीं मिला।