सड़क हादसे में एक की मौत, एक गंभीर

सड़क हादसे में एक की मौत, एक गंभीर

कवर्धा। सीटी कोतवाली थाना क्षेत्र के भोरमदेव से सरोधा मार्ग में रविवार रात एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। गाड़ी की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि पेड़ से टकराने के बाद उसके परखच्चे उड़ गए। कार में सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। हिमांशु चन्द्रवंशी ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया।  वहीं दूसरे युवक हिमांशु ठाकुर की भी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने उसे राजधानी रायपुर रेफर कर दिया। 
मिली जानकारी के अनुसार दो दोस्त हिमांशु चन्द्रवंशी और हिमांशु ठाकुर जंगल के रास्ते भोरमदेव से सरोधा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कार पेड़ से टकरा गई। एक्सिडेंट की आवाज 17वीं बटालियन के जवानों ने सुनी और मदद के लिए दौड़े। डॉयल 112 की पुलिस टीम को घटना की जानकारी दी और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने में मदद की, लेकिन एक युवक की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं दूसरा युवक भी जिंदगी और मौत से लड़ रहा है। फिलहाल घायल को रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।