बहन के घर छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे युवक को बस ने रौंदा

बहन के घर छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे युवक को बस ने रौंदा

बिलासपुर। बहन के घर छट्टी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे बाइक में सवार युवक को बस ने चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसकी चचेरी बहन और मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने घायलों को गनियारी के अस्पताल भेजा। यहां घायल महिला और युवती का उपचार चल रहा है। तखतपुर क्षेत्र के कपसिया खुर्द में रहने वाले अशोक बंजारे किसान हैं। उनकी बेटी का विवाह सकरी के दलदलिहापारा में हुआ है। अशोक की बेटी के घर रविवार को छट्टी का कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने के लिए अशोक का बेटा आदित्य, उनकी पत्नी द्रोपति बंजारे और अशोक के छोटे भाई की बेटी रिया एक बाइक में सवार होकर सकरी जा रहे थे। उनके पीछे अशोक के जीजा ललित कुमार खूंटे अपनी पत्नी के साथ आ रहे थे। वहीं, अशोक का छोटा भाई सतीश भी उनके साथ ही दूसरी बाइक पर था। चोरभट्टीकला के पास गनियारी की ओर से आ रहे केपिटल बस के चालक ने आदित्य की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में बाइक सवार रिया और द्रौपती को गंभीर चोटे आई। घटना के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई। पीछे चल रहे आदित्य के चाचा और फूफा ने इसकी जानकारी स्वजन को दी । इसके बाद घायल रिया और द्रौपती को गनियारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में रिया और द्रौपती का उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना पर सकरी पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। मामले में जुर्म दर्ज कर बस चालक की तलाश की जा रही है।