तलवार से हमला, 65 वर्षीय महिला की मौत, पूर्व सरपंच समेत आरोपी गिरफ्तार

तलवार से हमला, 65 वर्षीय महिला की मौत, पूर्व सरपंच समेत आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडरवा में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तलवार से हुए हमले में 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है और उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मामले में गांव के पूर्व सरपंच उमेश श्रीवास पर मुख्य आरोपी को भड़काने का आरोप लगा है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास (46) के साथ-साथ पूर्व सरपंच उमेश श्रीवास और दो नाबालिगों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

घटना की जानकारी देते हुए कोटा एसडीओपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि सुरेश श्रीवास अपने दो पुत्रों के साथ शाम करीब 6:30 बजे थाना रतनपुर पहुंचा था। इसी दौरान घायल पक्ष के लोग भी वहां पहुंचे और सुरेश व उसके बेटों पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया। पीड़ित पक्ष के शेख शब्बीर के अनुसार, आरोपी सुरेश अपनी पूर्व पत्नी और शेख सलीम के बीच अवैध संबंध के शक को लेकर लंबे समय से विवाद कर रहा था। घटना वाले दिन भी इसी बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद सुरेश तलवार लेकर सलीम के घर पहुंचा।

बताया जा रहा है कि सलीम के नहीं मिलने पर आरोपी ने उसकी मां मुराद बेगम (65) पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव में आए परिवार के अन्य 6 लोग भी हमले में घायल हो गए। पुलिस पूछताछ में सुरेश श्रीवास ने अपराध कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह बदला लेने की नीयत से अपने नाबालिग बेटों के साथ हथियार लेकर गया था। जांच में यह भी सामने आया कि पूर्व सरपंच उमेश श्रीवास ने पुरानी रंजिश के चलते आरोपी को उकसाया था। एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के मुताबिक, चुनावी हार का जिम्मेदार शेख शब्बीर को मानते हुए उमेश ने यह साजिश रची। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।