केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दुर्ग में भरी हुंकार, कहा 2023 में छत्तीसगढ़ और 2024 में केन्द्र में भाजपा सरकार बनना तय

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दुर्ग में भरी हुंकार, कहा 2023 में छत्तीसगढ़ और 2024 में केन्द्र में भाजपा सरकार बनना तय

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दुर्ग में भरी हुंकार, कहा 2023 में छत्तीसगढ़ और 2024 में केन्द्र में भाजपा सरकार बनना तय

दुर्ग। देश के गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह आज गुरुवार को दुर्ग पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुर्ग में विशाल जनसमूह को दोनों हाथ उठवाकर 2023 के राज्य असेंबली व 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने की शपथ दिलाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। राज्य की कांग्रेस सरकार ने वादाखिलाफी की  है। जिसका जवाब देने जनता तैयार है। दुर्ग के पंडित रविशंकर स्टेडियम में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 9 वर्षों का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा आयोजित विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत गुरुवार को जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार के 9 साल पूर्ण होने पर स्टील नगरी आया हूं। भिलाई लघु भारत है। छत्तीसगढ़ भगवान राम का ननिहाल है लिहाजा मैं अपनी बात भगवान राम को प्रणाम करने के साथ शुरू कर रहा हूं। छत्तीसगढ़ की जनता ने 2014 के आम चुनाव में भाजपा को 11 में से 10 सीटें दी थी और 2019 में भी पूर्ण बहुमत देकर मोदी की सरकार बनाई थी। 2024 में मोदी बनाम राहुल  का चुनाव है।उन्होने उपस्थित लोगों से पूछा कि आप दोनों में से  किसे प्रधानमंत्री बनाना चाहते है। उपस्थित जनसमुदाय ने दोनो हाथ उठाकर मोदी मोदी के नारे लगाए। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि पिछले 9 सालों में मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार के एक भी आरोप नहीं लगे है, जबकि मनमोहन सिंह सरकार की 10 साल के कार्यकाल में लगातार बड़े-बड़े घोटालों ने देश की जनता को निराश कर दिया था। इन 9 सालों में आतंकवाद की घटनाएं बहुत कम हुई है। सीमा पार से चलाए जा रहे आतंकी घटनाओं का जवाब पूरजोर ढंग से दिया है। पुलवामा और उरी हमले का बदला केन्द्र की मोदी सरकार ने महज 10 दिनों में सर्जिकल स्ट्राईक व एयर स्ट्राईक  करके ले लिया था। श्री शाह ने कहा कि कश्मीर हमारा है।कांग्रेस ने 70 सालों से धारा 370 को पाल पोसकर अपनी गोद में बिठा रखा था। दूसरी बार प्रधानमंत्री बनते ही 5 अगस्त 2019 को धारा 370 हटाने का ऐतिहासिक फैसला हमारी सरकार ने लिया। धारा 370 के  हिमायती कांग्रेस व अन्य लोग कहते थे कि धारा 370 हटने पर कश्मीर सुलग जाएगी। उन लोगों ने भी देखा कि खून की नदी तो क्या कश्मीर में एक कंकड़ पत्थर भी नहीं चले।केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पिछले 9 साल के मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मोदी सरकार का कार्यकाल गरीबों के कल्याण ,भारत का उत्कर्ष, नए करवट लेते भारत और भारतीय आत्मसम्मान का बढ़ोतरी की कहानी है। आम लोगों के लिए सिलेण्डर, पानी , शौचालय, बिजली, आवास ,मुफ्त अनाज जैसी सुविधाएं मुहैया कराई है। देश के 130 करोड़ की बड़ी आबादी को मुफ्त में कोरोना का दोनो टीका लग चुका है। अयोध्या में राम मंदिर की स्थापना जनभावनाओं का प्रतीक बना। मोदी की अगुवाई में वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत 11वें पायदान से उठकर 5वें पर जा पहुंचा। आज भारत विश्व की 5वीं सबसे बड़ी चमकती संभावनाओं से भरी अर्थव्यवस्था है। मोदी जहां जहां गए वहां वहां लोगों ने उन्हें सर आखों पर बिठाया यहां तक अमेरिका, फ्रंास, युरोप व दुनिया के कई देशों में मोदी के जाने पर मोदी मोदी  के नारे लगते है। यह मोदी का सम्मान नहीं है, देश के 130 करोड़ जनता की बढ़ते स्वाभिमान का सम्मान है।केन्द्रीय गृहमंत्री श्री शाह ने कहा कि एक आदिवासी महिला को श्री मोदी ने राष्ट्रपति के पद पर पहुंचाया। इससे बढ़कर आदिवासियों का भला और क्या सम्मान हो सकता है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर आरोप लगाते हुए श्री शाह ने कहा कि भूपेश ने किसानों का कोई कर्जा माफ नहीं किया है।यहां तक तेंदूपत्ता का 500 करोड़ रुपए भी दबाकर बैठे है। छत्तीसगढ़ की जनता चुनाव की राह देख रही है। कुर्सी पलटना तय है। भूपेश सरकार पर कई बड़े घोटाले करने का आरोप लगाते हुए उन्होने कहा कि भूपेश के राज में 2 हजार करोड़  रुपए का शराब घोटाला हुआ। कोयला परिवहन में 500 करोड़ रुपए का घोटाला सामने आया है। गरीब अन्न योजना में 5 हजार करोड़ रुपए के घोटाले का अनुमान। गोदाम के नाम पर 1300 करोड़ रुपए लूट लिए गए। राज्य लोक सेवा आयोग जैसेे महत्वपूर्ण पदों पर इस सरकार ने घोटाला पे घोटाला किया है। कोरोना सेश के नाम पर 700 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है। आदिवासी इलाकों पर कानून व्यवस्था चौपट है। राज्य में 5000 से ज्यादा बलात्कार के केस दर्ज हुए है। मोदी ने 61लाख टन चांवल खरीदा और 74हजार करोड़ दिया है, जबकि भूपेश सरकार मात्र 12600 करोड़ रुपए देकर अपनी पीठ थपथपा रही है। मोदी ने 92 लाख टन धान की खरीदी किया। श्री शाह ने छत्तीसगढ़  के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह के कार्यों की खुलकर प्रशंसा की। उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का पूरा सिस्टम डॉ. रमन सिंह ने खड़ा किया। जिस छत्तीसगढ़ की स्थापना पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी बाजपेयी ने किया था। उसे 15 सालों में डॉ. रमन सिंह ने चहुंमुखी रुप से विकसित किया। छत्तीसगढ़ को बिमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकालकर विकासशील राज्य बनाया।पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह की यूपीए सरकार ने छत्तीसगढ़ को मात्र 74 हजा रकरोड़ रुपए भेजा था, तो वहीं इन 9 सालों में मोदी सरकार ने 3 लाख करोड़ से अधिक की राशि भेजी है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने 1.8 करोड़ लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराया। 52 लाख परिवारों को मुफ्त में अनाज दिया। भिलाई को आईआईटी का सौगात दिया। दुर्ग शहर में 30 से ज्यादा जनऔषधि खोले गए। 90 हजार परिवारों को गैंस सिलेण्डर दिया। विशाल जनसमूह के बीच हुंकार भरते हुए केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि यह उनका 17वें राज्य का दौरा है। वे जहां जहां भी गए है। जनमानस मोदी सरकार फिर से बनाने का मन चुकी है। श्री शाह के पूरे संबोधन के दौैरान देखो देखो कौन आया, शेर आया, शेर आया... के नारे गूंजमान रहे। नारे के मुताबिक ही श्री शाह ने अपने उद्बोधन से कार्यकर्ताओंं में जोश भरा। इसकेे पहले भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि मोदी ने भारत का सम्मान बढ़ाया है। गांव गरीब और ग्रामीण की चिंता की है।

डबल इंजन की सरकार बनाने 2023 में छत्तीसगढ़ भाजपा की सरकार जरुरी है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने देश का
इतिहास बदला है। धारा 370 समाप्त करने वाले अमित शाह आज हमारे बीच है। इन 9 सालों में भारत ने नया करवट लिया है। उन्होने सवाल उठाया कि कांग्रेस के 70 सालों के राज में देश क्यों पिछड़ा रहा। सेवा , सुशासन, गरीब कल्याण भाजपा की प्रतिबद्धता है। इसलिए 2023 मे छत्तीसगढ़ की सरकार आना तय है।
राज्यसभा सासंद सुश्री सरोज पांडेय ने कहा कि भूपेश सरकार ने चुनाव पूर्व जितने भी वादे किए थे, कोई पूरे नहीं हुए। शराब घोटाला 2000 करोड़ नहीं, बल्कि 10 हजार करोड़ का हुआ है। इस दौैरान  छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी ओमप्रकाश माथुर, सह-प्रभारी नितिन नवीन, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश भाजपाध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पांडेय, सांसद विजय बघेल, संतोष पांडेय, मोहन मंडावी, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, दुर्ग संभाग भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र सवन्नी, दुर्ग जिला भाजपा प्रभारी राजीव अग्रवाल, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष ब्रिजेश बिजपुरिया, जिला भाजपा महामंत्री ललित चंद्राकर, सुरेन्द्र कौशिक, पूर्व विधायक दयालदास बघेल ,लाभचंद बाफना, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, नीलू शर्मा, जागेश्वर साहू
मंचासीन रहे। सभा का संचालन पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय और आभार प्रदर्शन सांसद विजय बघेल ने किया। जनसभा में जिला भाजपा उपाध्यक्ष केएस चौहान, राजेन्द्र पाध्ये, विनायक नातू, कांतिलाल बोथरा, प्रदेश भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ सह संयोजक शिव चंद्राकर, जिला भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ संयोजक अनूप गटागट, ,दिनेश देवांगन, राजा महोबिया, निगम नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा, पार्षद ओमप्रकाश सेन, जिला भाजपा मंत्री दीपक चोपड़ा, प्रदेश भाजपा मंत्री उषा टावरी, पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर, रत्नेश चंद्राकर, प्रदेश भाजपा मछुवारा प्रकोष्ठ प्रचार-प्रसार मंत्री कमलेश फेकर के अलावा दुर्ग संभाग से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उमड़े।