सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 5.90 लाख की ठगी, फरार आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार
नगर निगम रायपुर और मंत्रालय में नौकरी दिलाने का दिया था झांसा, सुपेला पुलिस ने छतरपुर से आरोपी को पकड़ा; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

भिलाई। सरकारी नौकरी पाने की चाह में एक युवक को लाखों रुपये गंवाने पड़े। नगर निगम रायपुर और मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5 लाख 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में सुपेला पुलिस ने फरार आरोपी को मध्यप्रदेश के छतरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अंकित कुमार रैकवार (24 वर्ष), निवासी रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तापस मंडल ने आरोपी के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत माननीय न्यायालय में परिवाद के माध्यम से प्रस्तुत की थी। प्रार्थी के अनुसार, आरोपी ने शुरुआत में नगर निगम रायपुर में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 50 हजार रुपये लिए थे। हालांकि, नौकरी नहीं लगने पर आरोपी ने यह रकम वापस कर दी थी।
इसके बाद आरोपी ने मंत्रालय में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। इस बहाने 21 मई 2025 से 24 अगस्त 2025 के बीच अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से प्रार्थी से कुल 5 लाख 90 हजार रुपये प्राप्त किए गए। मामले में न्यायालय के आदेश पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1202/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा संबंधित बैंक खातों के लेनदेन की जानकारी जुटाकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार, अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी को विवेचना में शामिल होने के लिए कई बार निर्देशित किया गया, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद थाना सुपेला पुलिस की टीम लगातार उसकी पतासाजी कर रही थी। इसी क्रम में 23 नवंबर 2026 को आरोपी को छतरपुर, मध्यप्रदेश से हिरासत में लेकर थाना सुपेला लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने प्रार्थी से विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से रकम प्राप्त करने और उसे खर्च करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने प्रार्थी को 10 हजार रुपये वापस करना भी बताया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
नौकरी के नाम पर ऐसे करता था ठगी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले नगर निगम रायपुर और फिर मंत्रालय में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाता था। इसी झांसे में लेकर वह अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से रकम हासिल करता था।
गिरफ्तार आरोपी का नाम:
अंकित कुमार रैकवार (24 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 69, साईं मंदिर के पीछे, शिवम विहार, रायपुर, थाना डीडी नगर, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)।