घुंघरुओं की गूंज में जीवंत हुई गुरु की विरासत, कथक समारोह में जुटे देशभर के कलाकार
पं. कुंदनलाल गंगानी की जन्मशती पर ‘नित्यम् नृत्यम्’ समारोह आयोजित, पं. राजेंद्र गंगानी ने 100 नृत्य साधकों को दिया प्रशिक्षण




भिलाई। गुरु की विरासत, शिष्य का समर्पण और वर्षों की साधना। इन भावों का अनूठा संगम रविवार को महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर में देखने को मिला। तेहाई डांस एकेडमी द्वारा आयोजित ‘नित्यम् नृत्यम् सम्मान समारोह’ में महान कथक गुरु पंडित कुंदनलाल गंगानी की 100वीं जयंती श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कथक की समृद्ध गुरु-शिष्य परंपरा और भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विरासत को नमन किया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण जयपुर घराने के अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कथक नृत्याचार्य एवं संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित पंडित राजेंद्र गंगानी रहे। वे पंडित कुंदनलाल गंगानी के सुपुत्र और शिष्य हैं। उन्होंने अपने पिता एवं गुरु की कला-विरासत को आगे बढ़ाते हुए कथक को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सेल-बीएसपी के ईडी (एचआर) पवन कुमार, ईडी (प्रोजेक्ट) पी.के. सरकार और डॉ. राखी राय उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ हुआ। इसके बाद स्वर्गीय पंडित कुंदनलाल गंगानी को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनकी कला-साधना, अनुशासन और कथक के प्रति आजीवन समर्पण को याद किया गया।
महात्मा गांधी कला मंदिर का सभागार कला प्रेमियों और सुधी दर्शकों से खचाखच भरा रहा। कोलकाता की सांस्कृतिक संस्था ‘नबराग’ के विशेष सहयोग से आयोजित इस समारोह में सुप्रसिद्ध नृत्यांगनाएं देबाश्री मुखर्जी एवं देबाद्रिता मुखर्जी अपनी टीम के साथ शामिल हुईं। देश के विभिन्न शहरों से आए कथक साधकों की सहभागिता ने आयोजन को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया। इससे पहले 21 एवं 22 नवंबर को स्टील क्लब, सेक्टर-8 में आयोजित दो दिवसीय कथक कार्यशाला में करीब 100 नृत्य साधकों ने हिस्सा लिया। तेहाई डांस एकेडमी की निदेशक अमृता सान्याल के संयोजन में आयोजित इस कार्यशाला में पंडित राजेंद्र गंगानी ने प्रतिभागियों को कथक की शास्त्रीय बारीकियों, लय-ताल, तत्कार, पद-संचालन, चक्कर और भावाभिव्यक्ति का प्रशिक्षण दिया। प्रतिष्ठित गुरु से प्रत्यक्ष मार्गदर्शन प्राप्त करना प्रतिभागियों के लिए कला को निखारने का विशेष अवसर रहा।
समापन समारोह का संचालन सुप्रियो सेन ने किया। उनके प्रभावशाली मंच संचालन ने कार्यक्रम के विभिन्न पड़ावों को खूबसूरती से जोड़े रखा।