ट्रेलर से टकराई बस में लगी आग, 6 जिंदा जले, 2 की सिर पर चोट लगने से मौत, 21 घायल
ऋषिकेश से इंदौर जा रही स्लीपर बस हादसे का शिकार, ड्राइवर को झपकी आने की आशंका


राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोलवा थाना क्षेत्र में रात करीब 2:30 बजे ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रेलर दोनों में आग लग गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। इनमें 6 यात्रियों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि 2 लोगों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। हादसे में 21 अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बस चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। बस में सवार एक यात्री ने बताया कि यह स्लीपर बस हंस ट्रेवल्स की थी, जो मंगलवार शाम करीब 5 बजे ऋषिकेश से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। दुर्घटना के तुरंत बाद बस में आग फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद करीब एक घंटे तक घायलों को कोई मदद नहीं मिल सकी, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया तथा घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की पहचान और हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है।
